पिहोवा, 21 जून : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धर्मनगरी पिहोवा में महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। श्री कृष्ण कृपा मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षिका डोली सिंगला व संगीता मित्तल के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने महिलाओं को योग के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवन का आधार भी है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ व तनाव कम होता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव बना रहता है।
डोली सिंगला ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है।
इस अवसर पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से योग करते हुए समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने प्रतिदिन योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
संगीता मित्तल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। कार्यक्रम में योगाचार्य बलविंदर की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लेते हुए स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।